सेब सीजन के लिए शिमला पुलिस का ट्रैफिक प्लान तैयार, 300 जवान संभालेंगे व्यवस्था
शिमला: सेब सीजन 2026 के दौरान बागवानों, ट्रांसपोर्टरों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शिमला पुलिस ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना तैयार कर लागू कर दी है। मानसून में भूस्खलन, सड़क बंद होने की स्थिति और सेब सीजन के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
शिमला के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यह योजना तैयार की गई है। इसके तहत सेब से लदे वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने, ट्रैफिक जाम रोकने और लोगों की सामान्य आवाजाही बनाए रखने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस नाके और बैरियर स्थापित
पुलिस ने सेब परिवहन वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नाके लगाए हैं। इनमें भट्टाकुफर फल मंडी (ढली), शोगी, बेखलटी (फागू), मेहली, छराबड़ा और मशोबरा बाइफरकेशन शामिल हैं।
शोगी और छराबड़ा में 24 घंटे पुलिस नाके रहेंगे।
कुड्डू, फागू, नैना, गुम्मा (नेरवा), बालाग और शोगी में कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।
इन केंद्रों से वाहनों की निगरानी, चालकों के दस्तावेजों की जांच और पहचान पत्र जारी करने का काम किया जाएगा।
भट्टाकुफर मंडी क्षेत्र में बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
सेब सीजन के दौरान भट्टाकुफर फल मंडी क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
सेब से लदे ट्रक और भारी वाहन शिमला शहर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
इन्हें ढली-मेहली-शोगी बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा।
सेब से लदे ट्राले सुबह 5 बजे से रात 8:30 बजे तक ठियोग-शिमला मार्ग पर नहीं चल सकेंगे।
ढली चौक से भट्टाकुफर तक पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
वाहनों की प्रतीक्षा के लिए ढली-फागू मार्ग पर पार्किंग और होल्डिंग प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं।
ठियोग, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल में भी विशेष इंतजाम
सेब उत्पादन वाले क्षेत्रों में भी पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ठियोग, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल में:
कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
वाहनों के लिए होल्डिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।
वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था रहेगी।
पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है।
सेब सीजन में 300 पुलिस कर्मी संभालेंगे मोर्चा
सेब सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिमला जिले में करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय की ओर से 7 अतिरिक्त रिजर्व भी उपलब्ध करवाई गई हैं।
शिमला पुलिस ने बागवानों, ट्रांसपोर्ट संचालकों, आढ़तियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और सुचारु सेब परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।






