हिम आंचल पेंशनर संघ चौंतड़ा इकाई के चुनाव संपन्न, नेक राम शास्त्री बने फिर से प्रधान
हिम आंचल पेंशनर संघ इकाई जोगिंद्रनगर (चौंतड़ा खंड) का सत्र 2025-27 के लिए द्विवार्षिक चुनाव पर्यवेक्षक भूप सिंह ठाकुर एवं बेसर राम ठाकुर की देखरेख में संपन्न हुआ। सर्वप्रथम जोगिंद्रनगर इकाई के प्रधान नेक राम शास्त्री की अध्यक्षता में आम बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2023-25 का आय-व्यय ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। हाउस ने इस विवरण को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
इसके उपरांत खंड प्रधान नेक राम शास्त्री ने गत दो वर्षों की उपलब्धियों तथा संघ की विभिन्न गतिविधियों का विस्तारपूर्वक विवरण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात अपनी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की गई और पर्यवेक्षकों द्वारा चुनाव प्रक्रिया आरंभ की गई।
चुनाव में नेक राम शास्त्री को पुनः सर्वसम्मति से खंड प्रधान चुना गया। रमेश पठानिया को महासचिव, रविंद्र शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा प्रकाश वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया। हाउस ने सर्वसम्मति से निर्वाचित प्रधान को कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों के मनोनयन के लिए अधिकृत किया। चुनाव उपरांत ध्वनिमत से सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया और फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। नवनिर्वाचित प्रधान, महासचिव तथा कोषाध्यक्ष ने पर्यवेक्षकों और सभी पेंशनर सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे पेंशनरों की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेंगे।