कांगड़ा मंदिर बाजार चेन स्नैचिंग मामला, हरियाणा से दबोचे फरार दो आरोपी
धर्मशाला। पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत मंदिर बाज़ार क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के गले से अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों द्वारा सोने की चेन झपट कर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने चार दिनों के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में राहुल उम्र 24 साल, हरियाणा के महेंद्रगढ़ और सनी कुमार उम्र 28 साल राजस्थान के जयपुर से है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कांगड़ा पुलिस थाना लाया है जहां इनके विरुद्ध आगामी कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि बीते 20 मई को सुबह के समय मोटरसाइकिल सवार इन दोनों आरोपियों ने मंदिर बाज़ार सड़क किनारे पैदल चल रही एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए थे। उक्त मामले के संबंध में पुलिस थाना कांगड़ा में मामला दर्ज किया गया था।
कांगड़ा पुलिस टीम ने तकनीकी जांच एवं गहन पूछताछ के आधार पर पता लगाया कि दोनों आरोपी बाहरी राज्यों से संबंध रखते हैं तथा कबाड़ का कार्य करते हैं। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि दोनों आरोपी वर्तमान में हरियाणा के महेंद्रगढ़ क्षेत्र में हैं। आरोपियों के संबंध में पुख्ता सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने त्वरित करवाई करते हुए ल आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने छीनी गई सोने की चेन को हरियाणा जाते समय किरतपुर (पंजाब) स्थित एक आभूषण विक्रेता को बेच दिया था। इसके उपरांत पुलिस टीम ने किरतपुर स्थित एक सुनार की दुकान से छीनी गई सोने की चेन को बरामद किया।
साथ ही दुकान मालिक महेश वर्मा को भी मामले में संलिप्त पाए जाने पर मामले में शामिल किया गया है। दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।






