कंगना बोलीं- 'कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर, राम मंदिर पर साध रही राजनीतिक हित'
शिमला। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पर भगवान श्रीराम और राम मंदिर के मुद्दे को लेकर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में राम मंदिर को लेकर एक राजनीतिक एजेंडा खड़ा करने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता उसके इस प्रयास को समझ चुकी है।
कंगना रनौत ने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और इसके रास्ते में बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया, वही अब राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह दोहरा रवैया जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है।
वहीं, कंगना रनौत ने हिमाचल सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने मंदिरों में आने वाले चढ़ावे और धार्मिक संपत्तियों का सही उपयोग नहीं किया, बल्कि उनका दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मंदिरों की संपत्ति और चढ़ावा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए इसका इस्तेमाल पूरी पारदर्शिता और धार्मिक उद्देश्यों के लिए होना चाहिए। उन्होंने सरकार से मंदिरों से जुड़े मामलों में जवाबदेही और स्पष्टता बरतने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और राम मंदिर का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी और राम मंदिर निर्माण से जुड़े मामलों में सकारात्मक भूमिका नहीं निभाई।
कंगना रनौत ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता अब राजनीतिक स्वार्थों को समझने लगी है और आने वाले समय में ऐसे मुद्दों पर सही जवाब देगी। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह धार्मिक भावनाओं से जुड़े विषयों को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाने से बचे।






