मिशन 2027 की तैयारी में एक्शन मोड में कांग्रेस, मंत्रियों को मिलेंगी जिलों की जिम्मेदारियां
हिमाचल प्रदेश में मिशन 2027 को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिमला स्थित राजीव भवन में दो दिवसीय मंथन बैठक के बाद पार्टी ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिए नई रणनीति तैयार की है। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।
रजनी पाटिल ने बताया कि सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने के लिए प्रत्येक मंत्री को एक-एक जिले की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। संबंधित जिलों में संगठन के पदाधिकारी भी उनके साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे और हर तीन महीने में कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में पॉलिटिकल एडवाइजरी कमेटी (PAC) की बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल करेंगे। बैठक में कांग्रेस विधायक और कमेटी सदस्य आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।
कांग्रेस प्रभारी ने संकेत दिए कि पार्टी आने वाले दिनों में नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर प्रदेशभर में अभियान चलाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर चंदा मामले में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि असली जिम्मेदार अब भी जांच के दायरे से बाहर हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भी भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीट पेपर लीक ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है और कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। उन्होंने राम मंदिर चंदा प्रकरण पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।






