पालमपुर में अवैध वन्यजीव कारोबार का भंडाफोड़: 6 विदेशी पक्षी और 47 कछुए जब्त, दुकानदार पर FIR दर्ज
पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में वन्यजीव अपराध नियंत्रण सुविधा विंग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 प्रतिबंधित विदेशी पक्षियों और 47 कछुओं को बरामद किया है। यह कार्रवाई पालमपुर-पंचरुखी मार्ग पर कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के पास स्थित “फिश टैंक वर्ड्स” नामक दुकान में की गई। मामले में दुकान संचालक अंशुल बंटा के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि स्थानीय पुलिस में भी शिकायत दी गई है। फिलहाल दोनों विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार वन्यजीव अपराध नियंत्रण सुविधा विंग को किसी पशु एवं वन्यजीव प्रेमी द्वारा गुप्त सूचना दी गई थी कि उक्त दुकान में विदेशी पक्षियों, कछुओं और अन्य जीवों का अवैध रूप से व्यापार किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही विभाग ने वन मंडल पालमपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की और दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान टीम को वहां से 6 विदेशी पक्षी, जिनमें अफ्रीकन पैरेट भी शामिल हैं, तथा 47 कछुए बरामद हुए।
वन मंडल अधिकारी पालमपुर डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत वन्य प्राणियों को पिंजरे में बंद करना, उनका व्यापार करना या बिना अनुमति खरीद-फरोख्त करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए सभी पक्षियों और कछुओं को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है और दुकान संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध वन्यजीव व्यापार करने वालों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं वन्यजीवों की अवैध खरीद-फरोख्त या उन्हें कैद में रखने की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






