झिकली इच्छी पंचायत में 33 वोट गायब होने से हड़कंप, रातभर चला हंगामा; पोलिंग पार्टी को कमरे में किया बंद
कांगड़ा जिले की पंचायत झिकली इच्छी में पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी लापरवाही और विवाद का मामला सामने आया है। मतगणना के दौरान 33 वोट कम पाए जाने के बाद पूरी रात हंगामा चलता रहा। नाराज उम्मीदवारों और ग्रामीणों ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की और पोलिंग पार्टी को कमरे में बंद कर दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस और प्रशासन को देर रात मौके पर पहुंचना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पंचायत झिकली इच्छी के 11 वार्डों में मतदान संपन्न होने के बाद सभी मतपेटियों को पंचायत कार्यालय इच्छी लाया गया। रात करीब 8 बजे मतगणना शुरू हुई। देर रात 12 बजे तक सभी वार्ड पंचों के नतीजे घोषित कर दिए गए। इसके बाद उपप्रधान पद की मतगणना हुई, जिसमें कुल 2751 वोटों की गिनती की गई। इस चुनाव में साहिल सैनी को 1333 वोट मिलने पर उपप्रधान पद का विजेता घोषित किया गया।
लेकिन प्रधान पद की मतगणना शुरू होते ही पूरा मामला विवादों में घिर गया। प्रधान पद के लिए जब वोटों की गिनती की गई तो कुल 2751 वोटों की जगह केवल 2718 वोट ही निकले। यानी 33 वोट कम पाए गए। इतने वोट गायब होने की बात सामने आते ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए और धांधली के आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे शुरू हुई प्रधान पद की मतगणना सुबह साढ़े चार बजे तक चलती रही। आखिरकार इकबाल गुलेरिया को 8 वोटों से विजयी घोषित किया गया, लेकिन विरोधी पक्ष ने परिणाम को मानने से साफ इनकार कर दिया। पंचायत के पूर्व प्रधान विजय कुमार ने आरोप लगाया कि 33 वोट गायब होना बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख गगल थाना प्रभारी उधम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा के एसडीएम इशांत जसवाल को भी सूचना दी गई। उनके निर्देश पर तहसीलदार प्रकाश चंद और बीडीओ कांगड़ा पारुल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की।
अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की गड़बड़ी या धांधली का संदेह है तो वे लिखित शिकायत दें, ताकि मामले की विधिवत जांच की जा सके। पंचायत चुनाव में वोटों के गायब होने का यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।






