ज्वालामुखी की थिल्ल पंचायत में चुनावी धांधली के आरोप,ग्रामीणों ने चुनाव आयोग से मांगी जांच
ज्वालामुखी क्षेत्र की ग्राम पंचायत थिल्ल में पंचायत चुनाव के दौरान कथित धांधली के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम ज्वालामुखी के माध्यम से राज्य चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 26 मई को मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत के चार वार्डों की मतपेटियां समय पर पंचायत घर पहुंच गईं, लेकिन वार्ड नंबर-1 की मतपेटी करीब ढाई घंटे की देरी से पहुंची। उनका कहना है कि मतपेटी को बिना उचित सीलिंग, कवर और पुलिस सुरक्षा के पंचायत घर लाया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी मौजूद है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मतदान के समय बताए गए कुल 921 वोटों की संख्या मतगणना के दौरान 928 हो गई। साथ ही रिजेक्ट वोटों की गिनती और चुनाव ड्यूटी में लगे कुछ कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
प्रधान पद की उम्मीदवार दर्शना देवी ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर-1 की मतपेटी को दूसरे वार्ड में ले जाया गया और बाद में देरी से पंचायत घर पहुंचाया गया।
एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि चुनाव निष्पक्षता के साथ करवाए जाते हैं। प्राप्त शिकायत को चुनाव आयोग और उपायुक्त कांगड़ा के संज्ञान में ला दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई आयोग के निर्देशानुसार की जाएगी।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की वीडियोग्राफी की जांच, वोटों की पुनर्गणना और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






