हिमाचल में फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ा, सरकार ने जारी की एडवाइजरी; नदी-नालों से दूर रहने की अपील
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बीच फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (HPSDMA) ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों के लिए विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
प्राधिकरण ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने, अफवाहों से बचने और केवल सरकारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। लोगों को पहले से इमरजेंसी किट तैयार रखने, जरूरी दस्तावेजों को वॉटरप्रूफ बैग में सुरक्षित रखने, सुरक्षित ऊंचे स्थानों की पहचान करने और पशुधन को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि उफनते नदी-नालों या बहते पानी को पैदल या वाहन से पार करने की कोशिश जानलेवा हो सकती है। साथ ही गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और प्रशासन के निकासी (इवैकुएशन) आदेशों का पालन करने को कहा गया है।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा हेल्पलाइन 1077, राज्य आपदा हेल्पलाइन 1070 या आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9459455841 पर संपर्क कर सकते हैं।
विशेष सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) डॉ. पुष्पेंद्र राणा ने कहा कि सभी जिला प्रशासनों को अलर्ट रहने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है।






