सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्रों को मारे थप्पड़, छात्रा पर की अभद्र टिप्पणी, केस दर्ज
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में एक सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य पर दो नाबालिग छात्रों के साथ कथित मारपीट करने और एक छात्रा के प्रति अभद्र टिप्पणी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने अभिभावक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत एक अभिभावक द्वारा दर्ज कराई गई है। आरोप है कि विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्य ने 16 वर्षीय छात्रा और उसके 15 वर्षीय नाबालिग भांजे को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रधानाचार्य ने पूरी सभा के सामने छात्रा के बारे में अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 79 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






