CM सुक्खू पर जयराम ठाकुर ने ली चुटकी, बोले- 'जहां-जहां गए, वहां-वहां हारी कांग्रेस'
हिमाचल प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा तंज कसते हुए उनके चुनावी प्रचार पर सवाल उठाए हैं।
मंडी में पार्टी के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जहां सीएम सुक्खू चुनाव प्रचार के लिए गए थे, वहां कांग्रेस के एक प्रत्याशी को मात्र 650 वोट मिले और उसकी जमानत भी जब्त हो गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब यह साफ हो गया है कि जहां-जहां सीएम सुक्खू प्रचार के लिए जाते हैं, वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ता है।
जयराम ठाकुर ने आगे कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर की जनता भी अब समझ चुकी है कि मुख्यमंत्री सुक्खू के वादों में सच्चाई नहीं है। यही वजह है कि लोग उनके बहकावे में नहीं आ रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी जहां-जहां सीएम प्रचार के लिए गए, वहां कांग्रेस को निराशा ही हाथ लगी, चाहे वह असम हो या अन्य राज्य।
ईवीएम के मुद्दे पर भी जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस ईवीएम के जरिए हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी, उसी ईवीएम को अब अन्य राज्यों में हार का कारण बताया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी का रवैया बन गया है कि जहां हार मिले, वहां ईवीएम को दोष दे दिया जाए।
उन्होंने कहा कि देश में कई बार ईवीएम के जरिए चुनाव हुए हैं और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुए हैं। कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारें भी इन्हीं ईवीएम के माध्यम से बनी हैं, ऐसे में हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ना उचित नहीं है।






