राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा से पूछे तीखे सवाल
शिमला। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर हिमाचल प्रदेश की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब भाजपा इस मुद्दे को इतना बड़ा बना रही है, तो देश के शीर्ष नेतृत्व की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई।
शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद भाजपा ने कोर ग्रुप की बैठक क्यों बुलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस पूरे मामले पर राजनीति कर रही है, जबकि उसे जनता को यह बताना चाहिए कि मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में असली जिम्मेदार कौन हैं।
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय यह स्पष्ट करे कि चढ़ावा चोरी मामले में कार्रवाई बड़े लोगों पर क्यों नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि सिर्फ "छोटी मछलियों" को पकड़ने से काम नहीं चलेगा, बल्कि इस मामले में शामिल "मगरमच्छों" के नाम भी सामने आने चाहिए।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को किसी से हिंदू होने का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सनातन संस्कृति का सम्मान करती है और मंदिरों की व्यवस्था व श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की मांग करना गलत नहीं है।
उधर, राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर भाजपा पर निशाना साधा, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर धार्मिक आस्था के मुद्दे पर राजनीति करने और अवसरवादिता का आरोप लगाया है।






