हिमाचल पुलिस के 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार निलंबित, विभागीय जांच शुरू
शिमला: हिमाचल पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। देश-विदेश में अपनी शानदार प्रस्तुतियों के लिए पहचान बना चुके इस ऑर्केस्ट्रा के प्रभारी पर हुई कार्रवाई के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस मुख्यालय ने उनके खिलाफ नियमित विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
जांच की जिम्मेदारी पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है, जिन्हें तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपनी होगी। जांच पूरी होने तक इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित रखा जाएगा।
निजी संगीत गतिविधियों और सोशल मीडिया आय पर उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार मामला इंस्पेक्टर विजय कुमार की निजी संगीत गतिविधियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हुई आय से जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस विभाग ने कार्रवाई के विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए हैं, लेकिन विभागीय आदेश में कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
कार्रवाई से पहले पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय ने विजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में उनसे पूछा गया था कि क्या उन्होंने निजी म्यूजिक एल्बम तैयार करने, उनके प्रकाशन और प्रचार के लिए सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति ली थी। इसके अलावा उनसे यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हुई आय का पूरा विवरण भी मांगा गया था।
विभाग ने यह भी स्पष्ट करने को कहा था कि किस नियम या विभागीय प्रावधान के तहत उन्हें इस प्रकार की निजी व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति प्राप्त थी।
जवाब से विभाग संतुष्ट नहीं
इंस्पेक्टर विजय कुमार ने 3 जुलाई को अपना स्पष्टीकरण पुलिस मुख्यालय को सौंपा था, लेकिन विभाग ने उसे संतोषजनक नहीं माना। विभाग का कहना है कि न तो पूर्व अनुमति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही सोशल मीडिया तथा निजी संगीत गतिविधियों से हुई आय का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराया गया।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
पुलिस मुख्यालय के आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह मामला पंजाब पुलिस नियमावली के नियम 14.33 तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 86 और 87 के उल्लंघन का प्रतीत होता है। इसे गंभीर कदाचार मानते हुए नियमित विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
विभाग का मानना है कि जांच के दौरान किसी भी गवाह या साक्ष्य को प्रभावित होने से रोकने के लिए इंस्पेक्टर विजय कुमार का निलंबन आवश्यक है।
जुन्गा रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान इंस्पेक्टर विजय कुमार का मुख्यालय प्रथम एचपीएपी बटालियन, जुन्गा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) दिया जाएगा।
'हारमनी ऑफ द पाइन्स' ने दिलाई थी राष्ट्रीय पहचान
गौरतलब है कि वर्ष 1996 में शुरू हुआ 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' ऑर्केस्ट्रा हिमाचल पुलिस कर्मियों के तनाव को कम करने की एक अनूठी पहल के रूप में शुरू किया गया था। छह सदस्यों से शुरू हुआ यह बैंड आज 17 सदस्यों का हो चुका है और कनाडा, अमेरिका, सिंगापुर, दुबई समेत कई देशों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुका है।
टीवी रियलिटी शो 'हुनरबाज: देश की शान' में शानदार प्रदर्शन के बाद इस बैंड को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली थी। अब इसी प्रतिष्ठित ऑर्केस्ट्रा के प्रभारी पर हुई विभागीय कार्रवाई ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है।






