शिमला में सेब के बगीचे में पेड़ से ल.टका मिला 34 वर्षीय महिला का श.व, जांच में जुटी पुलिस
जिला शिमला के नेरवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मढ़ाना में रविवार को एक 34 वर्षीय महिला का शव सेब के बगीचे में बुरांश के पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा नेरवा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गीता देवी (34), पत्नी सुरेश कुमार, निवासी ग्राम पंचायत मढ़ाना के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस को बुरांश के पेड़ से रस्सी लटकी मिली। अधिकारियों के मुताबिक महिला के शरीर पर गर्दन पर फंदे के निशान के अलावा किसी अन्य प्रकार की बाहरी चोट नहीं पाई गई। पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ मृतका के घर की भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा भेज दिया गया है। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को भी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।






