बदहाली की मार झेल रहा बीएसएल स्कूल मैदान, चारदीवारी टूटी और नालियां जाम
अनंत ज्ञान, भीम बसेड़ू राजपूत। महादेव
सुंदरनगर स्थित बीएसएल (बीबीएमबी) सीनियर सेकेंडरी स्कूल का खेल मैदान इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। कभी बच्चों की खेल गतिविधियों और स्थानीय आयोजनों का केंद्र रहने वाला यह मैदान अब जगह-जगह धंसी जमीन, बड़े गड्ढों, मिट्टी के ढेर और फैली गंदगी की वजह से बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। मैदान के आसपास प्लास्टिक और अन्य कूड़ा-कचरा बिखरा पड़ा है, जिससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा है बल्कि छात्रों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल परिसर के बाहर बनी नालियां लंबे समय से साफ नहीं हुई हैं। नालियों में जमा गंदगी और कचरे के कारण दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या को संबंधित अधिकारियों और परियोजना प्रशासन के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों ने आरोप लगाया कि खेल मैदान के रखरखाव की ओर पूरी तरह से अनदेखी की जा रही है। मैदान के चारों ओर बनी चारदीवारी का बड़ा हिस्सा टूट चुका है, जबकि बची हुई दीवार भी काफी जर्जर हालत में है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो यह कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
बताया जा रहा है कि मैदान में कई स्थानों पर मिट्टी खोदकर छोड़ दी गई, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे और खाइयां बन गई हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी और कूड़ा जमा होने से स्थिति और अधिक खराब हो गई है। स्कूल के छात्र-छात्राओं और खेल गतिविधियों में भाग लेने वाले युवाओं को मैदान का उपयोग करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने बीबीएमबी परियोजना प्रबंधन और चीफ इंजीनियर के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से मैदान सुधार की मांग लंबित पड़ी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे। लोगों ने बीबीएमबी चेयरमैन से मांग की है कि स्कूल मैदान का समुचित सुधार, नालियों की सफाई और टूटी चारदीवारी की जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि छात्रों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।






