देहरा: घर में छिपा रखा था 15 ग्राम चिट्टा, बेटी गिरफ्तार, मां फरार
धर्मशाला। पुलिस जिला देहरा के तहत पुलिस थाना रक्कड़ की टीम ने एक घर पर दबिश देकर 15 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है जबकि उसकी मां की तलाश जारी है।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव निहारी नमक क्षेत्र स्थित एक घर में मां एवं बेटी द्वारा अवैध रूप से चिट्टा के कारोबार में संलिप्त होने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यह दोनों बाहरी राज्यों से मादक पदार्थ लाकर स्थानीय क्षेत्र में इसकी सप्लाई किए जाने की संभावना है।
इसी कड़ी में पुलिस थाना रक्कड़ द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा ग्राउंड सर्विलांस एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से तथ्यों का सत्यापन किया गया, जिसके उपरांत संबंधित घर की पहचान तृप्ता देवी पत्नी स्वर्गीय रजनीश कुमार निवासी वार्ड नं. 4, गांव निहारी, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा के रूप में हुई।
सूचना के पुख्ता होने पर टीम द्वारा उक्त घर पर विधिसम्मत दबिश दी गई। तलाशी के दौरान घर से 15 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर मौके पर उपस्थित महिला आरोपी (बेटी) प्रतिभा उर्फ प्रीति पत्नी मोहित कुमार निवासी गांव छिलगा, डाकघर एवं तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा, उम्र 26 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया। वहीं मामले में उक्त घर की मालकिन एवं मुख्य आरोपी तृप्ता देवी मौके से फरार पाई गई। उसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस थाना रक्कड़ की टीम द्वारा विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश देकर सघन तलाश एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






