शिमला में बारिश बनी आफत: लिफ्ट के पास लैंडस्लाइड, सड़क पर गिरा पेड़; सर्कुलर रोड पर लंबा जाम
शिमला: राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रविवार को लिफ्ट क्षेत्र के समीप सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ी का हिस्सा दरक गया, जिससे भारी मात्रा में मलबा और एक विशाल पेड़ सड़क पर आ गिरा। घटना के बाद सर्कुलर रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इसी बीच राजीव भवन के पास भी लैंडस्लाइड होने से सब्जी मंडी मार्ग प्रभावित रहा, जिससे कई वाहन रास्ते में फंस गए। बताया जा रहा है कि लिफ्ट क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी की खुदाई की जा रही थी, तभी अचानक पहाड़ी का हिस्सा खिसक गया और मलबा सड़क पर आ गिरा।
सूचना मिलते ही नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया और गिरे हुए पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल कर दिया गया।
लगातार हो रही बारिश के कारण शिमला में भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले आईजीएमसी अस्पताल के पास भी एक विशाल पेड़ पैदल मार्ग पर गिर गया था। हालांकि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लगातार हो रही बारिश ने राजधानी में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।






