धनोटू पुल ढहने पर सख्त हुए केवल सिंह पठानिया, बोले-जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त
धनोटू पुल हादसे पर विधायक केवल सिंह पठानिया का बड़ा एक्शन, उच्च स्तरीय जांच के आदेश
धर्मशाला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धनोटू-ललेटा-बनुमहादेव सड़क पर निर्माणाधीन पुल के ढहने की घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। इस गंभीर मामले पर शाहपुर के विधायक एवं उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कड़ा संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक केवल सिंह पठानिया प्रशासनिक एवं लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.एम. ठाकुर, अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल तथा एसडीओ बलबीत दयोलिया भी मौजूद रहे।
मौके पर स्थानीय प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भी पुल निर्माण कार्य को लेकर अपनी चिंताएं विधायक के समक्ष रखीं। इस दौरान संजय शर्मा, संजय कपूर, मोहिंदर सिंह, विक्रम सिंह चम्बयाल और इंद्रजीत सहित कई लोग उपस्थित रहे।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से तीन महत्वपूर्ण पहलुओं पर फोकस करने को कहा — पुल के डिजाइन और तकनीकी गुणवत्ता की जांच, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की पड़ताल तथा निर्माण कार्य के दौरान विभागीय निगरानी और सुपरविजन की भूमिका की समीक्षा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के टैक्स के पैसे और लोगों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में यदि किसी ठेकेदार, इंजीनियर या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विधायक ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों को और अधिक सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धनोटू पुल हादसे में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






