हिमाचल में 10 जुलाई तक जमकर बरसेंगे बादल, भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री पांच दिन की देरी से हुई है और शुरुआती दौर में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है। हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 10 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 6 और 7 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 8 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 और 9 जुलाई को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 10 जुलाई तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तापमान की बात करें तो 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि कुकुमसेरी में न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी है।






