हिमाचल बोर्ड की 10वीं परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़, फोरेंसिक जांच में पैकिंग लिफाफे बदले जाने का खुलासा
धर्मशाला। हिमाचल बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि मार्च 2025 में आयोजित 10वीं की परीक्षा के दौरान बिलासपुर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता परीक्षा केंद्र में उत्तर पुस्तिकाओं के साथ गड़बड़ी की गई थी।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के लिए फोरेंसिक जांच करवाई गई, जिसमें यह खुलासा हुआ कि उत्तर पुस्तिकाओं के पैकिंग लिफाफे बदले गए थे। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद बोर्ड प्रशासन ने इसे बेहद गंभीर मानते हुए संबंधित स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में प्रभावित छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी और नियमानुसार उन्हें अंकों का पूरा लाभ प्रदान किया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो। बोर्ड प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






