दबरोट की बेटी नविता ठाकुर की नईं उड़ान, AIIMS नागपुर में बनीं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर
अनंत ज्ञान, सरकाघाट।
धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत दबरोट की प्रतिभाशाली बेटी नविता ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट विश्वास के दम पर एक प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है। नविता का चयन महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित एम्स नागपुर में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
नविता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर मढ़ी से प्राप्त की और दसवीं तक यहीं पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मढ़ी से 10+2 पूरी की। अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र को चुना और सरस्वती नर्सिंग कॉलेज, कुराली (रोपड़) से अपनी पढ़ाई पूरी कर इस मुकाम तक पहुंचीं।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली नविता की इस सफलता के पीछे उनकी अथक मेहनत के साथ परिवार का मजबूत सहयोग भी रहा है। खासतौर पर उनके दादा राम सिंह ने आर्थिक रूप से उनका भरपूर साथ दिया, जिससे उनकी पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आई। उनकी माता गृहिणी हैं, जबकि पिता निजी कार्य करते हैं, लेकिन दोनों ने अपनी बेटी के सपनों को साकार करने में हर संभव सहयोग दिया।
नविता ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और दादा-दादी को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की उन सभी बेटियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं। नविता ठाकुर की यह कहानी एक स्पष्ट संदेश देती है संकल्प मजबूत हो और मेहनत सच्ची, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।






