सोशल मीडिया से कमाई पड़ी भारी! 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' के प्रभारी विजय कुमार सस्पेंड
हिमाचल पुलिस के प्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी विजय कुमार को पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। देश और विदेश में अपनी संगीत प्रस्तुतियों के जरिए हिमाचल पुलिस की पहचान बनाने वाले विजय कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कमाई करने के आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई है। निलंबन के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, विजय कुमार फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपने व्यक्तिगत अकाउंट संचालित कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आय अर्जित किए जाने की बात सामने आने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई। इसी आधार पर उनके विरुद्ध सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
मामले की विभागीय जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय ने जांच अधिकारी को सभी तथ्यों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि सोशल मीडिया गतिविधियां विभागीय नियमों के अनुरूप थीं या नहीं तथा यदि किसी प्रकार का नियम उल्लंघन हुआ है तो उसकी प्रकृति क्या है।
‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ हिमाचल पुलिस का एक प्रतिष्ठित संगीत बैंड है, जिसने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रस्तुतियों से प्रदेश और पुलिस विभाग का नाम रोशन किया है। ऐसे में इसके प्रभारी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में भी चर्चा का विषय बना दिया है।फिलहाल यह कार्रवाई प्रारंभिक आरोपों के आधार पर की गई है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि होगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई या अन्य निर्णय लिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाएगी।






