पीएम के संदेश पर अमल शुरू, मंत्री मेट्रो और ई-रिक्शा से पहुंच रहे दफ्तर
कांगड़ा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने वीरवार को जिला कांगड़ा दौरे पर पहुंचे। कांगड़ा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से सरकारी खर्च और संसाधनों में कटौती के संदेश को लेकर बड़ा बयान दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चाहे प्रधानमंत्री हों, मुख्यमंत्री, मंत्री या आम नागरिक जहां संभव हो, सभी को अपने ट्रेवल प्लान में कटौती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन खपत कम करना, ऊर्जा जरूरतों और फर्टिलाइजर जैसे क्षेत्रों में विदेशी निर्भरता घटाना समय की जरूरत है। इससे न केवल देश का विदेशी मुद्रा खर्च कम होगा, बल्कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि यदि देश के 140 करोड़ नागरिक इस दिशा में योगदान दें तो परिणाम बेहद सकारात्मक हो सकते हैं। अनुराग ठाकुर ने बताया कि देश के कई राज्यों में मुख्यमंत्री और मंत्री इस पहल को अपनाते हुए मोटरसाइकिल, ऑटो, ई-रिक्शा और मेट्रो जैसे साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही “वर्क फ्रॉम होम” जैसे विकल्पों पर भी गंभीरता से काम किया जा रहा है।
नीट पेपर लीक मामले में बोले- CBI कर रही जांच, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
नीट पेपर लीक मामले पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई कर रही है और जांच एजेंसी अपना काम कर रही है। वहीं, सीबीआई निदेशक को सेवा विस्तार दिए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आपत्ति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों केरल का मुख्यमंत्री चुनने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि केरल में राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ पोस्टर तक लग रहे हैं।
नगर निगम चुनावों को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने इस बार युवाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं और भाजपा युवाओं को नेतृत्व में अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस की गारंटियां निकली खोखली, जनता वोट से दे जवाब
उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी वादों को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनता से जो गारंटियां और वादे किए थे, वे अब अधूरे और खोखले साबित हो रहे हैं। ऐसे में नगर निगम चुनाव जनता के लिए कांग्रेस को जवाब देने का बड़ा अवसर हैं।
अनुराग ठाकुर ने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं और नगर निगमों में भाजपा की सरकार बनाकर विकास को गति दें।






