श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर हिमाचल में गरमाई सियासत, सीएम सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन
शिमला। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री और कई विधायक भी शामिल रहे।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों ने राम बाजार स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात सभी जाखू हनुमान मंदिर पहुंचे और दर्शन किए।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर चुप्पी साधे हुए है। पार्टी का कहना है कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा संवेदनशील विषय है और इसकी निष्पक्ष व पारदर्शी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को लेकर आंदोलन चलाया जाएगा, जिसका निर्णय हाल ही में शिमला में हुई पार्टी बैठक में लिया गया था।






