भाजपा गलतफहमी में न रहे, हिमाचल में दोबारा बनेगी कांग्रेस सरकार: CM सुक्खू
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के 'गूंज' कार्यक्रम में भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता एक बार फिर कांग्रेस पर भरोसा जताएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा यह गलतफहमी न पाले कि सत्ता में वापसी आसान होगी। हिमाचल में कांग्रेस सरकार दोबारा बनेगी, क्योंकि मौजूदा सरकार ने हमेशा प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखा है और जहां भी जरूरत पड़ी, हिमाचल के अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इस योजना ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर नई और पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू की गई, जिससे भर्ती प्रक्रिया में विश्वास बहाल हुआ है।
पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सुक्खू ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में पेपर लीक और नौकरियां बेचने जैसे गंभीर मामले सामने आए थे। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के तहत भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में लगातार भर्तियां की जा रही हैं और अब पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है।
शिक्षा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन के दौरान हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, जबकि मौजूदा सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब पांचवें स्थान पर आ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल को शिक्षा के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए सीबीएसई पैटर्न के स्कूल खोले जा रहे हैं और शिक्षकों की नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर की जा रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि इसी वर्ष प्रदेश में तीन राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भी शुरू किए जाएंगे।






