हिमाचल में भारी बारिश पर स्कूल बंद करने का फैसला लेंगे DC, टीचर्स भी रहेंगे छुट्टी पर
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रदेश सरकार ने स्कूलों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि खराब मौसम या आपदा की स्थिति में स्कूल बंद करने का निर्णय संबंधित जिले के उपायुक्त (DC) लेंगे। ऐसे हालात में स्कूल बंद करने की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार करीब दो साल पहले ही इस संबंध में नीति तैयार कर चुकी है। अब पूरे प्रदेश में एक साथ स्कूल बंद करने के बजाय स्थानीय मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए जिला स्तर पर फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के सभी जिलों की भौगोलिक स्थिति और मौसम की परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में एक ही आदेश पूरे प्रदेश पर लागू करना व्यावहारिक नहीं है। इसलिए जिलाधीश समय रहते मौसम का आकलन कर विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद करने का निर्णय लेंगे।
रोहित ठाकुर ने यह भी साफ किया कि जिस जिले में स्कूल बंद करने का आदेश जारी होगा, वहां सिर्फ विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी छुट्टी रहेगी। यानी स्कूल बंद होने की स्थिति में शिक्षक और अन्य स्टाफ भी स्कूल नहीं आएंगे। सरकार ने सभी जिलाधीशों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।






