सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी में भाजपा, 13 सदस्यीय चार्जशीट कमेटी का गठन
शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने 13 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। भाजपा का दावा है कि यह समिति सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल का विस्तृत आकलन कर उसकी कथित नाकामियों और अधूरे चुनावी वादों का दस्तावेज तैयार करेगी।
इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
चार्जशीट कमेटी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, रणधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, सुधीर शर्मा, बलवीर वर्मा, त्रिलोक जमवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और वरिष्ठ नेता राजेंद्र राणा को शामिल किया गया है।
जन आंदोलन समिति भी बनाई
भाजपा ने सरकार के खिलाफ जनसंपर्क और आंदोलन को धार देने के लिए अलग से प्रदेश स्तरीय जन आंदोलन समिति का भी गठन किया है। इस समिति में डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज, कंगना रनौत सहित कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह समिति प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान, धरना-प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करेगी।
सरकार को जनता के बीच घेरने की तैयारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता का विश्वास तोड़ा है और चुनावी वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों, प्रशासनिक कार्यशैली और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को तथ्यात्मक रूप से जनता के सामने रखेगी और गांव-गांव जाकर सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद कुमार ने दोनों समितियों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने सुक्खू सरकार के खिलाफ अपने आगामी राजनीतिक अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है।






