हिमाचल में सेब उत्पादन पर मौसम की मार, 2500 करोड़ तक नुकसान की आशंका
हिमाचल प्रदेश में इस साल सेब सीजन कमजोर रहने के संकेत हैं। बागवानी विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार प्रदेश में इस वर्ष करीब 2.18 करोड़ पेटियों, यानी लगभग 4.38 लाख मीट्रिक टन सेब उत्पादन होने का अनुमान है। पिछले वर्ष 3.04 करोड़ पेटियों के मुकाबले यह बड़ी गिरावट है, जिससे बागवानों को करीब 2500 करोड़ रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
विभाग के मुताबिक फ्रूट सेटिंग के दौरान प्रतिकूल मौसम, सर्दियों में पर्याप्त चिलिंग आवर्स नहीं मिलना, ओलावृष्टि और तेज हवाएं उत्पादन घटने की मुख्य वजह हैं। इसका असर सिर्फ बागवानों पर ही नहीं, बल्कि पैकेजिंग, परिवहन, मजदूरी और आढ़त जैसे जुड़े कारोबारों पर भी पड़ेगा।
फल, फूल एवं सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष हरीश चौहान का कहना है कि वास्तविक उत्पादन विभाग के अनुमान से भी कम होकर 1.50 से 1.80 करोड़ पेटियों के बीच रह सकता है। वहीं, बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि जून ड्रॉपिंग की प्रक्रिया अभी जारी है और अगले 10 से 15 दिनों में वास्तविक उत्पादन का अंतिम आकलन सामने आएगा।






