राम मंदिर विवाद पर अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर तंज, बोले- 'राम को न मानने वाली कांग्रेस आज मंदिरों में तलाश रही सियासत'
शिमला। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। मंगलवार को शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित कोर समिति की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व, रामसेतु और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर सवाल उठाती रही, वही आज राजनीतिक लाभ के लिए मंदिरों का रुख कर रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का यह दोहरा रवैया जनता अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर करोड़ों सनातनियों की आस्था और 500 वर्षों के संघर्ष का परिणाम है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों को नहीं भूली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा हिंदू आस्था को राजनीतिक नजरिए से देखा और अब बदलते माहौल में मंदिरों के जरिए अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को धार्मिक मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय अपने कार्यकाल के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने नेशनल हेराल्ड, 2जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ गेम्स, कोलगेट, अगस्ता वेस्टलैंड और आदर्श हाउसिंग सोसाइटी जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आज भी इन मुद्दों पर जवाब चाहता है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में आगे बढ़ रहा है।






