गगल एयरपोर्ट पर बड़ा बवाल, टैक्सी यूनियन और कंपनी कर्मचारियों में तीखी नोकझोंक
धर्मशाला के गगल एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम विमान सेवा रद्द होने के बाद बड़ा विवाद सामने आया। एयरपोर्ट पर विशेष विमानों के संचालन से जुड़ी बीकेजे एयरपोर्ट्स कंपनी के कर्मचारियों और एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन के चालकों के बीच जमकर बहस और कहासुनी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि कंपनी की एक महिला कर्मचारी पर टैक्सी चालकों को थप्पड़ मारने जैसी टिप्पणी करने के आरोप भी लगे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार विमान सेवा रद्द होने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई थी। इसी दौरान आरोप लगा कि बीकेजे एयरपोर्ट्स के कुछ कर्मचारी अपनी निजी गाड़ी में यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर ले जाने लगे। एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन ने इसका विरोध जताया और कहा कि यह टैक्सी चालकों के अधिकारों का उल्लंघन है।
एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन के प्रधान कुलजीत राणा ने आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मचारी पहले एक यात्री को निजी वाहन में लेकर गए और बाद में दोबारा आकर अन्य यात्रियों को बैठाने लगे। जब टैक्सी चालकों ने इसका विरोध किया तो कंपनी स्टाफ द्वारा उनके साथ बदसलूकी की गई। यूनियन का कहना है कि चालक बैंक से लोन लेकर लाखों रुपये खर्च कर टैक्सियां चलाते हैं और एयरपोर्ट प्रशासन को निर्धारित शुल्क भी देते हैं। इसके बावजूद उनके साथ लगातार गलत व्यवहार किया जा रहा है।
विवाद बढ़ने के बाद मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। वहीं जब मीडिया ने बीकेजे एयरपोर्ट्स कंपनी से जुड़े संबंधित महिला कर्मचारी का पक्ष जानने की कोशिश की तो कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए। काफी इंतजार के बाद यह जानकारी दी गई कि संबंधित कर्मचारी मीडिया से बात करने के लिए तैयार नहीं हैं।
अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को निजी वाहनों में ले जाने की अनुमति किसके निर्देश पर दी गई? और गगल एयरपोर्ट पर हुए इस विवाद की जिम्मेदारी कौन लेगा? यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है।






