हिमाचल ने अपने विकास पुरुष को किया नमन: पुण्यतिथि पर भावुक हुए विक्रमादित्य सिंह, अर्पित की श्रद्धांजलि
शिमला। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत राजा वीरभद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर बुधवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित कर अपने पिता और प्रदेश के लोकप्रिय नेता को याद किया।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह का हिमाचल प्रदेश के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में प्रदेश के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए। उनका योगदान हमेशा प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने भी वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए प्रदेश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी स्मरण किया गया।
वीरभद्र सिंह को हिमाचल की राजनीति का एक युग माना जाता है। उनका सरल स्वभाव, जनसेवा के प्रति समर्पण और विकासवादी सोच आज भी प्रदेश की राजनीति में मिसाल मानी जाती है। उनकी पुण्यतिथि पर पूरे प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।






