हिमाचल के लाखों राशनकार्ड धारकों को राहत, डिपुओं में मिलेगा दो माह का सरसों तेल
महंगाई की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के राशन डिपुओं में सरसों तेल की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को जून माह के लंबित (बैकलॉग) कोटे के साथ वर्तमान महीने का कोटा भी एक साथ मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने 82.43 लाख लीटर सरसों तेल की खरीद का ऑर्डर जारी किया था, जिसमें से अब तक 14.23 लाख लीटर तेल विभिन्न होलसेल गोदामों तक पहुंच चुका है। यहां से तेल को चरणबद्ध तरीके से प्रदेशभर की उचित मूल्य की दुकानों तक भेजा जा रहा है।
हालांकि राहत के साथ उपभोक्ताओं पर कीमतों का असर भी पड़ेगा। एपीएल और बीपीएल परिवारों को अब सरसों तेल 160 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 153 रुपये था। वहीं टैक्स पेयर उपभोक्ताओं को अब 167 रुपये प्रति लीटर की दर से तेल उपलब्ध होगा, जबकि पहले इसकी कीमत 157 रुपये प्रति लीटर थी। इसके बावजूद डिपुओं पर मिलने वाला तेल खुले बाजार की तुलना में सस्ता रहेगा।
प्रदेश में वर्तमान में 19.58 लाख से अधिक राशनकार्ड धारक पंजीकृत हैं, जिनमें सबसे अधिक 11.60 लाख एपीएल परिवार शामिल हैं। नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने बताया कि सरसों तेल की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि सभी पात्र परिवारों को समय पर लाभ मिल सके।






