ज्वालामुखी में हिट एंड रन: प्रेमी संग घूमने निकली 22 वर्षीय युवती को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर गई जान
ज्वालामुखी। जिला कांगड़ा के प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। ज्वालामुखी के साथ लगते अंब-पठियार बाईपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रही 22 वर्षीय युवती को बुरी तरह कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के टायर युवती के सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवती की दोनों टांगें भी बुरी तरह टूट गईं। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक युवती की पहचान सिमरन जीत कौर निवासी पंजाब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी के साथ घर से भागकर हिमाचल पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों चिंतपूर्णी माता मंदिर में दर्शन करने के बाद ज्वालामुखी पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां ज्वालाजी के दर्शन किए और शहर की एक धर्मशाला में किराए का कमरा लेकर रुके थे।
युवक ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम दोनों पैदल ज्वालाजी-नादौन रोड की ओर घूमने निकले थे। इसी दौरान अंब बाईपास के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सिमरन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सड़क पर दूर जा गिरी और वाहन उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
प्रेमी का रो-रोकर बुरा हाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद सड़क पर चारों तरफ खून फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवती का प्रेमी अपनी प्रेमिका के शव के पास बैठकर बदहवास हालत में रोता रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर शव को चादर से ढका और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की देरी पर फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते युवती का शव सड़क पर ही पड़ा रहा। हालांकि 108 एम्बुलेंस समय पर पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस की अनुपस्थिति में शव को उठाया नहीं जा सका। बाद में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।






