दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर: हिमाचल में JBT के 72 पदों पर भर्ती, 22 अगस्त तक करें आवेदन
शिमला: हिमाचल प्रदेश के दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर सामने आया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने विशेष रूप से दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेनिंग) के 72 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 22 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा निदेशालय ने जिला-वार रिक्तियों का रोस्टर और पात्रता संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
जिला-वार रिक्तियां
जारी रोस्टर के अनुसार सबसे अधिक 15 पद मंडी जिले में हैं। इसके अलावा सिरमौर में 11, कांगड़ा में 10, बिलासपुर में 9, सोलन में 8, चंबा और शिमला में 5-5, हमीरपुर में 4, ऊना में 3, किन्नौर और कुल्लू में 1-1 पद भरे जाएंगे। लाहौल-स्पीति में इस भर्ती के तहत कोई पद नहीं रखा गया है।
क्या है पात्रता?
भर्ती के लिए अभ्यर्थी के पास जेबीटी/डीएलएड (Diploma in Elementary Education) की योग्यता और टीईटी (Teacher Eligibility Test) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी ने मैट्रिक और जमा दो की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से की हो। हालांकि, बोनाफाइड हिमाचली अभ्यर्थियों को इस शर्त से छूट दी गई है।
शिक्षा निदेशालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यह भर्ती दिव्यांग अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।






