सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिलेगा फ्री करियर गाइडेंस और स्किल ट्रेनिंग
धर्मशाला: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए जल्द ही निःशुल्क करियर काउंसलिंग एवं स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस दिशा में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार सही करियर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।
यह जानकारी बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने उनकी अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक के दौरान दी। बैठक में शिक्षा बोर्ड के सचिव, अकादमिक शाखा के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी भाग लिया।
डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को केवल करियर गाइडेंस ही नहीं, बल्कि स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक, तकनीकी और रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है, जिससे वे प्रतिस्पर्धी दौर में आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, इसके चरणबद्ध कार्यान्वयन और विद्यालय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा बोर्ड आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि प्रदेश के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और मजबूत भविष्य मिल सके।






