शिमला के मॉल रोड पर ऑटो लेकर पहुंचे ब्रिटिश पर्यटक, पुलिस ने काटा चालान
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड और रिज मैदान पर रविवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब इंग्लैंड से आए तीन विदेशी पर्यटक ऑटो-रिक्शा लेकर सीधे नो-व्हीकल जोन में पहुंच गए। प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन की एंट्री से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे।
जानकारी के अनुसार, विदेशी पर्यटक केरल पंजीकरण (KL07DE2685) वाले ऑटो-रिक्शा में सवार होकर मॉल रोड और रिज तक पहुंच गए। ऑटो पर यूनियन जैक (ब्रिटेन का राष्ट्रीय ध्वज) की ब्रांडिंग लगी होने के कारण यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया। बड़ी संख्या में लोग ऑटो को देखने के लिए मौके पर जुट गए।
पुलिस ने मौके पर रोका, काटा 1,500 रुपये का चालान
ऑटो के रिज के पास पहुंचते ही ड्यूटी पर तैनात शिमला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। पूछताछ में विदेशी पर्यटकों ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि मॉल रोड और रिज क्षेत्र पूरी तरह नो-व्हीकल जोन है और यहां आम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है।
नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने वाहन चला रहे विदेशी पर्यटक का 1,500 रुपये का चालान किया और उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
विरासत क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर है पूरी तरह रोक
शिमला पुलिस ने बताया कि मॉल रोड और रिज क्षेत्र में आम वाहनों का प्रवेश शिमला रोड यूजर्स एंड पेडेस्ट्रियंस (पब्लिक सेफ्टी एंड कन्वीनियंस) अधिनियम, 2007 के तहत प्रतिबंधित है। यह व्यवस्था शहर की ऐतिहासिक विरासत, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लागू की गई है।
इस क्षेत्र में केवल अधिकृत सरकारी और आपातकालीन वाहनों को ही विशेष अनुमति के तहत प्रवेश दिया जाता है। ऐसे में विदेशी पर्यटकों का ऑटो लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी गंभीर माना जा रहा है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
शिमला के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ऑटो को रोका और नियमों के अनुसार चालान किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित क्षेत्र तक वाहन आखिर कैसे पहुंचा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






