IPL इतिहास में पहली बार धर्मशाला में सजेगी प्लेऑफ की महाजंग, क्वालीफायर-1 में भिड़ेंगे RCB और गुजरात टाइटंस
आईपीएल इतिहास में पहली बार हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम धर्मशाला में प्लेऑफ मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा। मंगलवार शाम 7:30 बजे खेले जाने वाले क्वालीफायर-1 में defending champion Royal Challengers Bengaluru और Gujarat Titans आमने-सामने होंगे। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
धर्मशाला का खूबसूरत Himachal Pradesh Cricket Association Stadium पहली बार आईपीएल प्लेऑफ मैच की मेजबानी करेगा। दोनों टीमें लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-2 में जगह बनाने में सफल रही हैं। अंक तालिका में नेट रनरेट के आधार पर आरसीबी पहले और गुजरात दूसरे स्थान पर रही।
इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड बेहद दिलचस्प रहा है। अब तक दोनों टीमें 8 बार भिड़ चुकी हैं और दोनों ने 4-4 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला और भी रोमांचक माना जा रहा है।
आरसीबी की नजर लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचने पर होगी, वहीं शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस पहली बार धर्मशाला में प्लेऑफ मैच खेलते हुए सीधे फाइनल का टिकट हासिल करना चाहेगी। मैच में विराट कोहली, शुभमन गिल, जोस बटलर और भुवनेश्वर कुमार जैसे स्टार खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी।
धर्मशाला में प्लेऑफ मुकाबले के चलते होटल, टैक्सी और पर्यटन कारोबार में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है। एचपीसीए स्टेडियम के बाहर फैंस का उत्साह चरम पर है और क्रिकेट प्रेमी इस ऐतिहासिक मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।






