वेतन में देरी पर भड़की HRTC यूनियन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
जोगिंद्रनगर। हिमाचल ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने पर प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। यूनियन का कहना है कि निगम के करीब 12 हजार कर्मचारियों को अप्रैल माह का वेतन अब तक नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यूनियन के महासचिव संजय बड़वाल ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि मई माह का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन 9 मई तक भी कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर प्रदेश की परिवहन सेवाओं को सुचारू बनाए हुए हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने कहा कि वेतन में लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारियों की बैंक किश्तें, घरेलू खर्च और अन्य जरूरी भुगतान प्रभावित हो रहे हैं। इससे कर्मचारियों में मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। यूनियन ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन मिल जाता है, तो एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है।
यूनियन ने निगम प्रबंधन की कार्यप्रणाली को प्रशासनिक विफलता बताते हुए मांग की कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान की एक निश्चित तारीख तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति पैदा न हो। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो कर्मचारी संगठन आने वाले दिनों में आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा।






