हिमाचल में अगले चार दिन मौसम रहेगा खराब, 18-19 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले चार दिन तक मौसम खराब बना रहेगा। 13 से 17 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जबकि 18 और 19 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार सुबह प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की धूप भी देखने को मिली। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय है, इसलिए आने वाले दिनों में कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वालों तथा यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 71.0 मिमी वर्षा बिलासपुर जिले के आरएल बीबीएमबी-1400 में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कसौली (62.0 मिमी), ओलिंडा (60.0 मिमी), धर्मपुर (54.6 मिमी), आरएल बीबीएमबी-1700 (52.0 मिमी), घमरूर (51.6 मिमी), नंगल डैम (48.2 मिमी), ब्रह्माणी (42.4 मिमी) और ऊना (35.4 मिमी) में भी अच्छी बारिश हुई।
बारिश के साथ कई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिला। शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी में बिजली चमकी, जबकि बिलासपुर के केवीके क्षेत्र में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सबसे तेज अंधड़ दर्ज किया गया। इसके अलावा नेरी में 46, शिमला, कुफरी और हमीरपुर में 41-41, सुंदरनगर केवीके में 39 तथा ताबो में 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
राहत कार्य तेज, फिर भी करीब 100 सड़कें बंद
बारिश का असर कुछ कम होने के बाद प्रशासन ने राहत एवं बहाली कार्यों में तेजी ला दी है। भूस्खलन और मलबा आने से बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए विभिन्न स्थानों पर मशीनें लगातार काम कर रही हैं। इसके बावजूद प्रदेश में करीब 100 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं।
कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि पेयजल योजनाएं प्रभावित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभागों की टीमें युद्धस्तर पर बिजली और पेयजल सेवाओं को बहाल करने में जुटी हुई हैं।
18-19 जुलाई को बरतें विशेष सावधानी
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 18 और 19 जुलाई को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रह सकता है। ऐसे में नागरिकों को मौसम संबंधी हर अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।






