हिमाचल में बारिश से बिगड़े हालात: 124 सड़कें बंद, 442 ट्रांसफार्मर ठप; शिमला में गिरा पेड़
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि 10 जुलाई सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 124 सड़कें बंद, 442 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (DTR) ठप और 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। एक दिन पहले यानी 9 जुलाई की शाम तक 75 सड़कें, 67 डीटीआर और 14 पेयजल योजनाएं ही प्रभावित थीं, लेकिन लगातार बारिश से हालात और गंभीर हो गए हैं।
शिमला में पेड़ गिरने से सड़क बंद
राजधानी शिमला में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण बैनमोर क्षेत्र में एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित रही। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सुन्नी ITI परिसर में घुसा पानी
भारी बारिश के चलते शिमला जिले के सुन्नी आईटीआई परिसर और गौ सदन में पानी घुस गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। वहीं विकासनगर क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़क किनारे खड़े दो से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
शिमला में भी सेवाएं प्रभावित
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अनुसार शिमला जिले में 4 राष्ट्रीय राजमार्ग, 15 प्रमुख जिला सड़कें और 27 संपर्क सड़कें प्रभावित हैं। जिले में 67 डीटीआर बंद होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है, जबकि 53 पेयजल योजनाएं ठप होने से कई क्षेत्रों में पानी की समस्या बनी हुई है। रामपुर उपमंडल के ब्रांडली गांव में एक मकान की सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
प्रशासन सड़कों से मलबा हटाने और बिजली-पानी की सेवाएं बहाल करने में जुटा है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।






