पालमपुर नगर निगम चुनाव में “कमल खिलना तय”, विकास की अधूरी कड़ियां जोड़ेंगे : शांता कुमार
पालमपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने दावा किया है कि पालमपुर नगर निगम चुनावों में भाजपा का “कमल खिलना तय” है और भाजपा की जीत के साथ पालमपुर के विकास में जो कमियां रह गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
सोमवार शाम भाजपा कार्यालय पालमपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शांता कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और भाजपा को मजबूत जीत दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय भाजपा और देश के लिए “स्वर्ण युग” है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि वह भारतीय जनसंघ की स्थापना काल से संगठन से जुड़े हुए हैं और 1951-53 में कानपुर में आयोजित जनसंघ की पहली बैठक सहित सभी महत्वपूर्ण बैठकों का हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी सिर्फ दो सांसदों वाली भाजपा आज केंद्र सहित 22 राज्यों में शासन कर रही है, जो संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। शांता कुमार ने पालमपुर भाजपा संगठन की एकजुटता पर खुशी जताते हुए कहा कि नगर निगम चुनावों में पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और जनता भाजपा को समर्थन देने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि पालमपुर का विकास भाजपा की देन रहा है और जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें भाजपा सरकार ही पूरा करेगी। शांता कुमार ने पालमपुर रोपवे परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बदलने के कारण उनका यह सपना अधूरा रह गया था, लेकिन भाजपा की नगर निगम और प्रदेश में सरकार बनने पर इस सपने को भी जरूर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोपवे बनने से पूरा जिला कांगड़ा विश्व पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।
शांता कुमार ने भावुक अंदाज में कहा कि नगर निगम और आगामी विधानसभा चुनाव उनके जीवन के अंतिम चुनाव हो सकते हैं और वह हार के साथ अपनी अंतिम यात्रा पर नहीं जाना चाहते। उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि यदि पालमपुर नगर निगम की जिम्मेदारी भाजपा को दी जाती है तो शहर की समस्याओं और विकास की कमियों को दूर किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व आईपीएच मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि, विधायक विपिन परमार, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






