नाथपा झाकड़ी परियोजना ने रचा इतिहास, एक दिन में 39.571 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन
भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजना एसजेवीएन के नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (NJHPS) ने ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। परियोजना ने 4 जुलाई 2026 को 39.571 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली उत्पादन कर अपने इतिहास का दूसरा सर्वाधिक एकल-दिवसीय उत्पादन दर्ज किया है।
इस उपलब्धि के साथ परियोजना ने 18 जुलाई 2023 के 39.570 मिलियन यूनिट उत्पादन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, 13 अगस्त 2024 को स्थापित 39.572 मिलियन यूनिट का सर्वकालिक रिकॉर्ड अभी भी कायम है। नया उत्पादन आंकड़ा इस रिकॉर्ड से मात्र 0.001 मिलियन यूनिट कम रहा।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परियोजना की परिचालन दक्षता, उत्कृष्ट टीमवर्क और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसजेवीएन भविष्य में भी ऊर्जा उत्पादन के नए मानक स्थापित करता रहेगा।
1500 मेगावाट क्षमता वाला नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन देश का सबसे बड़ा जलविद्युत संयंत्र है, जिसे वर्ष 2004 में चालू किया गया था। यह परियोजना उत्तर भारत के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिजली उपलब्ध कराकर क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।






