80 भर्ती पोस्ट कोड के 3.41 लाख अभ्यर्थियों को राहत, सरकार लौटाएगी 4.27 करोड़ की आवेदन फीस
शिमला। पूर्व हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी), हमीरपुर द्वारा वर्ष 2022 में निकाली गई 80 पोस्ट कोड की भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले 3,41,742 अभ्यर्थियों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने इन रद्द हो चुकी भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों से लिया गया आवेदन शुल्क वापस करने का निर्णय लिया है। इस पर करीब 4.27 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस फैसले को राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी भी मिल चुकी है।
2022 में निकली थीं 1,423 पदों पर भर्तियां
वर्ष 2022 में तत्कालीन हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर ने विभिन्न सरकारी विभागों में 80 पोस्ट कोड के तहत 1,423 पदों को भरने के लिए विज्ञापन जारी किए थे। इनमें जेओए (आईटी), ऑडिट, फार्मासिस्ट, फायरमैन, सब इंस्पेक्टर, तकनीकी शिक्षा समेत कई विभागों के पद शामिल थे। इन भर्तियों के लिए प्रदेशभर से 3.41 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और निर्धारित शुल्क भी जमा कराया था।
भर्ती घोटाले के बाद आयोग हुआ भंग
भर्ती प्रक्रिया के दौरान परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद तत्कालीन कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर दिया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने भर्ती व्यवस्था में बदलाव करते हुए आयोग के माध्यम से जारी सभी 80 पोस्ट कोड की भर्ती प्रक्रियाएं रद्द कर दीं।
आवेदन शुल्क वर्षों तक फंसा रहा
भर्तियां रद्द होने के बाद जहां 1,423 पद खाली रह गए, वहीं लाखों अभ्यर्थियों का आवेदन शुल्क भी आयोग के पास ही जमा रह गया। अब सरकार ने यह राशि वापस करने का फैसला लिया है। इसके तहत 3,41,742 अभ्यर्थियों को लगभग 4.27 करोड़ रुपये लौटाए जाएंगे।
नई चयन आयोग के जरिए होंगी दोबारा भर्तियां
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन पदों की भर्ती प्रक्रिया रद्द हुई थी, उन्हें भविष्य में हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से दोबारा भरा जाएगा। हालांकि नई भर्ती प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक समय-सीमा घोषित नहीं की गई है।






