नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में तहबाजारियों का प्रदर्शन, रोजगार बचाने की लगाई गुहार
शिमला: नगर निगम शिमला द्वारा अवैध रूप से बैठने वाले तहबाजारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के विरोध में सोमवार को तहबाजारियों ने सीटू के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले नौ दिनों से उनका रोजगार पूरी तरह ठप है, जिससे परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
दरअसल, नगर निगम बीते कुछ दिनों से लोअर बाजार, लक्कड़ बाजार और मॉल रोड क्षेत्र में अवैध रूप से बैठने वाले तहबाजारियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रहा है। इस दौरान कई लोगों के चालान काटे गए और सामान भी जब्त किया गया।
लोअर बाजार तहबाजारी यूनियन के अध्यक्ष पवन शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीमें बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचकर उनका सामान जब्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यूनियन अवैध कब्जे के पक्ष में नहीं है, लेकिन यदि नगर निगम उन्हें ऐसी जगह उपलब्ध कराए जहां लोगों की आवाजाही हो और रोजगार चल सके, तो वे वहां स्थानांतरित होने को तैयार हैं।
यूनियन के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ने सुझाव दिया कि सब्जी मंडी में बन रहे नए कॉम्प्लेक्स या पुरानी तिब्बती मार्केट क्षेत्र में तहबाजारियों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय कार्डधारी तहबाजारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाहरी लोगों के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे।
तहबाजारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






