'राजशाही की मानसिकता छोड़ें, लोकतंत्र में जनता तय करती है नेतृत्व', विक्रमादित्य सिंह पर राजीव बिंदल का पलटवार
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके हालिया बयान राजशाही मानसिकता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, जहां नेतृत्व का फैसला जनता करती है, न कि किसी परिवार या वंश के आधार पर।
डॉ. बिंदल ने कहा कि संभवतः राजपरिवार से आने के कारण विक्रमादित्य सिंह यह मानते हैं कि सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति राजनीति और जनसेवा में आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है और वही नेतृत्व तय करती है।
'जनसेवा का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह विक्रमादित्य सिंह की वर्तमान आयु से भी अधिक समय से समाज सेवा और जनसेवा में सक्रिय हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका परिवार आजादी से पहले से ही समाज सेवा से जुड़ा रहा है, इसलिए उन्हें किसी से सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है।
'झूठ और व्यक्तिगत आरोपों से नहीं छिपेंगी विफलताएं'
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि विक्रमादित्य सिंह लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियां और झूठे आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मंत्री द्वारा उनके खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर उन्होंने हाईकोर्ट में मानहानि का दावा दायर किया था, जिसे बाद में विक्रमादित्य सिंह के आग्रह पर वापस लिया गया।
'चार साल में विकास नहीं, सिर्फ बयानबाजी'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए लगभग चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन प्रदेश की जनता आज भी बदहाल सड़कों, अधूरे विकास कार्यों, बेरोजगारी और अव्यवस्था से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की अधिकांश सड़कें खराब हालत में हैं, जबकि लोक निर्माण मंत्री केवल राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं।
'चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस'
डॉ. बिंदल ने कहा कि पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में मिली हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व बौखला गया है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा पर व्यक्तिगत हमले कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि मंडी नगर निगम चुनाव में प्रभारी रहने के बावजूद विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस को एक भी सीट नहीं दिला सके। वहीं सोलन में भी पार्टी को निराशा हाथ लगी।
'जनहित के मुद्दों पर ध्यान दे सरकार'
डॉ. बिंदल ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार वास्तव में जनता की चिंता करती है तो उसे राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर प्रदेश की खराब सड़कों, बेरोजगारी, विकास कार्यों और अन्य जनसमस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे आरोप-प्रत्यारोप से गुमराह होने वाली नहीं है।






