डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल मंडी में विश्व पर्यावरण दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर मंडी में विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत” को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रभावशाली अंग्रेज़ी नाट्य प्रस्तुति से हुई, जिसने पर्यावरणीय मुद्दों पर गहन विचार प्रस्तुत किए। इसके पश्चात डॉ. रितु ने प्लास्टिक अपशिष्ट के खतरों और टिकाऊ जीवनशैली की आवश्यकता पर आधारित जागरूकता भाषण दिया, जो सभी के लिए अत्यंत विचारोत्तेजक रहा।
विद्यालय के हिंदी अध्यापक सुनील कुमार जी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। स्कूल के संगीत मंडल द्वारा प्रस्तुत किया गया समूहगान कार्यक्रम का भावपूर्ण व प्रेरणादायक अंग बना। विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रतिभा से दर्शकों को प्रभावित किया । पर्यावरण पर आधारित कविताएं सुनाई गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण पर जोरदार संदेश दिया, विषयवस्तु पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने मूक अभिनय (माइम) के ज़रिए पर्यावरणीय समस्याओं को सजीव रूप देने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण, जिसे स्कूल के प्रधानाचार्य एवं महात्मा हंसराज पुरस्कार से सम्मानित श्री कुलदीप सिंह गुलेरिया जी ने भावपूर्वक संपन्न किया। कार्यक्रम के उपरांत एन सी सी एयर विंग के कैडेट्स द्वारा स्कूल प्रांगण से लेकर बिजनी तक जागरूकता रैली निकाली गई और बिजनी बिट ने पौधे लगाए। विद्यालय के आईसीटी विभाग ने संपूर्ण कार्यक्रम का दस्तावेजीकरण किया।
प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया ने जैव विज्ञान विभाग व इको क्लब के समन्वयक और सभी गतिविधि प्रभारी शिक्षकों के कुशल संचालन और योजना की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण के प्रति सजग रहते हुए हरित जीवनशैली को अपनाएं तथा पर्यावरण संरक्षण के अग्रदूत बनें।












