बोर्ड कार्यालय सरकाघाट में मोटीवेटर लगाने के लिए मजदूरों ने किया प्रदर्शन
सीटू से सबंधित मनरेगा एवं निर्माण मज़दूर यूनियन ने सरकाघाट में मजदूरों की मांगों को लेकर शहर में रैली निकाल कर प्रदर्शन किया और उसके बाद एसडीएम सरकाघाट के माध्य्म से राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कवंर को मांगपत्र भेजा जिसकी प्रतियां सरकाघाट और धर्मपुर के विधायक और बोर्ड सदस्य भूपेंद्र सिंह को भी भेजी गई। मांगपत्र में मुख्यता सरकाघाट में बोर्ड के सब ऑफिस में पिछले तीन साल से मोटीवेटर के खाली पद को तुरंत भरने की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के प्रधान करतार सिंह चौहान सचिव प्रकाश वर्मा, मॉन सिंह, सोहनसिंह, सुखराम, विजय कुमार, मोहनलाल, रणताज राणा, नानक, मॉन सिंह, कंचना, आशा, करुणा, सावित्री, कमलेश इत्यादि ने किया और बोर्ड सदस्य भूपेंद्र सिंह भी इस दौरान उपस्थित रहे। मांगपत्र में मांग की गई है कि सरकाघाट सब ऑफिस के तहत 30 हज़ार मज़दूर पंजीकृत हैं लेकिन बड़ी हैरानी की बात है कि इस ऑफिस में मुख्य पद पर कोई कर्मचारी नहीं है और तीन साल से पोस्ट ख़ाली पड़ी है और केवल डाटा एंट्री ऑपरेटर और चपरासी ही काम चला रहे हैं। स्थिति ये है कि मजदूरों की लंबी कतार बस स्टैंड तक लग जाती है और शाम तक भी उनके काम नहीं हो पाते हैं। इकेवाईसी के लिए पंचायत स्तर पर कैम्प करने के निर्देश बोर्ड ने जारी किए हैं, लेकिन बिना मोटीवेटर के यहां पर ये कैम्प आयोजित नहीं हो रहे हैं। नए पंजीकरण और नवीनीकरण का काम महीनों तक लंबित रहता है।कार्यालय में रिकॉर्ड रखने के लिए अलमारियों और रैक्स तक की पूरी व्यवस्था नहीं है। यूनियन ने बोर्ड अध्य्क्ष से पिछले तीन साल की लंबित वित्तीय सहायता जारी करने की भी मांग की है।












