हिमाचल में बदलेगा मौसम, अगले 24 घंटे में बारिश-अंधड़ का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अगले 24 घंटों में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, तेज अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
विभाग के अनुसार 4 जून को मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी की भी संभावना है। 5 जून से मौसम में सुधार शुरू होगा, हालांकि 7 जून तक कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है।
किस जिले में कैसा रहेगा मौसम
चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने मिलेगा। 3 जून से लेकर 6 जून तक यहां लगातार बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। विशेषकर 3, 4, 5 और 6 जून को चारों दिन यहां अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की गई है। शिमला और मंडी में 3 जून को कुछ स्थानों पर और 4, 5 जून को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। शिमला में 3, 4 और 5 जून को मौसम विभाग ने अंधड़ का अलर्ट जारी किया है। वहीं, सिरमौर जिले में 4 और 5 जून को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय जिलों में 3 से 6 जून के बीच लगातार कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।
कैसा रहा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में 4.9°C दर्ज किया गया, जबकि पिछले कल का सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 37.2°C रिकॉर्ड हुआ था। आने वाले दो दिनों में बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।






