गर्मी में बढ़ी पानी की किल्लत, 3 दिन में समाधान नहीं हुआ तो होगा धरना : विधायक प्रकाश राणा
लडभड़ोल क्षेत्र की अनेक पंचायतें इन दिनों भीषण पेयजल संकट से जूझ रही हैं। ग्राम पंचायत लांग़ना, खड़ीहार, खुड्डी, तुल्लाह, रक्तल, कोलंग, दलेड़, पीहड़, बेहड़लू, ऊपरी धार और ऊटपुर जैसे क्षेत्रों में हालात इतने खराब हैं कि लोगों को 3 से 7 दिन के लंबे अंतराल के बाद ही कुछ देर के लिए पानी मिल रहा है। इस भीषण गर्मी में यह स्थिति लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई है। इस मुद्दे को लेकर जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि यदि आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर जलापूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो वह क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर जल शक्ति विभाग सब डिवीजन लडभड़ोल कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। विधायक राणा ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने जोगिंद्रनगर क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए अनेक योजनाएं चलाईं। करोड़ों रुपये की लागत से नई पेयजल योजनाएं, पाइप लाइन विस्तार और भंडारण टैंक निर्माण जैसे कार्य किए गए, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद क्षेत्र के साथ खुलेआम भेदभाव हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर लापरवाही और क्षेत्र के प्रति दुर्भावना का आरोप लगाते हुए कहा कि जोगिंद्रनगर की जागरूक जनता यह अन्याय कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
“हम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे,”
– विधायक प्रकाश राणा।












