मेरिट में आने वाली छात्रा का जोरदार स्वागत
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलापड़ में जमा दो कला संकाय में मेरिट में आने वाली छात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। गौर हो कि शनिवार को घोषित जमा दो के परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलापड़ की छात्रा तनु कुमारी ने 472 अंक लेकर के बोर्ड मेरिट में अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय व पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। प्रधानाचार्य संजय कुमार ने बताया कि बहुत समय बाद इस विद्यालय की छात्रा ने बोर्ड मेरिट में स्थान प्राप्त कर हम सब का नाम रोशन किया है। तनु कुमारी व विज्ञान संकाय में 466 अंक लेने वाली तारा देवी को विद्यालय में आमंत्रित कर विद्यालय के स्टाफ द्वारा फूल माला पहना कर इन होनहार छात्राओं का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों को इनसे प्रेरणा लेकर के जीवन में आगे बढ़ने के लिए कहा गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह बच्ची दूरदराज के गांव सावल से संबंध रखती है तथा सामान्य घर से संबंध रखने वाली इस बच्ची ने बोर्ड मेरिट में अपनी मेहनत से स्थान प्राप्त करके मिसाल कायम की है। इस अवसर पर तनु कुमारी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने अध्यापकों व माता-पिता को दिया। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस छात्रा से प्रेरित होकर के और भी विद्यार्थी भविष्य में इस क्षेत्र का नाम अवश्य रोशन करेंगे। इस अवसर पर सभी प्राध्यापक, अध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।












